43 वर्ष की उम्र में जमाया शतक
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के 43 वर्षीय बल्लेबाज खुर्रम खान ने अफगानिस्तान के विरुद्ध एकदिवसीय क्रिकेट मैच में नाबाद 132 रन की पारी खेलकर एक नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने सर्वाधिक उम्र (43 वर्ष 162 दिन) में वन डे क्रिकेट में शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। खुर्रम ने श्रीलंकाई दिग्गज खिलाड़ी सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 39 साल 212 दिन की उम्र में शतक जमाया था। जयसूर्या ने यह रिकॉर्ड भारत के खिलाफ 28 जनवरी, 2009 को बनाया था। खुर्रम खान का यह शतक संयुक्त अरब अमीरात की ओर से वन डे क्रिकेट में बनने वाला पहला शतक भी है।

