वन डे क्रिकेट में अब तक भारतीयों ने ही बनाए हैं दोहरे शतक
सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा ने ठोकी है डबल सेंचुरी
कोलकाता। भारत के रोहित शर्मा ने एकदिवसीय क्रिकेट मैचों में सर्वाधिक 264 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह उपलब्धि श्रीलंका के विरुद्ध कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान पर हासिल की। रोहित ने वन डे क्रिकेट की एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने वाले वीरेन्द्र सहवाग के 219 के मुकाबले 264 रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही रोहित शर्मा एक दिवसीय क्रिकेट में दो दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बने। उन्होंने अपनी पारी में 173 गेंदों का सामना करते हुए 33 चौके और नौ छक्के लगाए। रोहित शर्मा ने वर्ष 2013 में बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध भी 209 रन की धुआंधार पारी खेली थी। उल्लेखनीय है कि वन डे क्रिकेट के इतिहास में केवल भारतीयों ने ही दोहरे शतक लगाए हैं। रोहित के दो दोहरे शतकों के अलावा वीरेन्द्र सहवाग ने इंदौर में वर्ष 2011 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 219 रन और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने वर्ष 2010 में ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध नाबाद 200 रन की शानदार पारियां खेली हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 404 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और श्रीलंका को 153 रन से शिकस्त दी।। भारत ने पांचवीं बार 400 से अधिक रन बनाए।

