नई दिल्ली। हाल ही में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप में तीन पदक जीतने वाले भारतीय निशानेबाज लखनऊ निवासी जीतू रॉय दुनिया के नंबर एक पिस्टल निशानेबाज बन गए। रॉय इस मुकाम पर पहुंचने वाले सातवें भारतीय निशानेबाज हैं। इससे पहले अंजलि भागवत, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, गगन नारंग, मानवजीत सिंह संधू, रोंजन सोढ़ी और हीना सिद्धू अपनी-अपनी स्पर्धाओं में नंबर एक रैंकिंग हासिल कर चुके हैं। भारतीय राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ने एक बयान में कहा कि आईएसएसएफ की निशानेबाजी की विभिन्न स्पर्धाओं के लिए घोषित रैंकिंग में जीतू रॉय को एयर पिस्टल में विश्व का नंबर एक निशानेबाज घोषित किया गया है। जीतू ने पिछले महीने स्लोवेनिया के मारिबोर में हुए विश्वकप में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था। वह एक विश्व कप में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय निशानेबाज हैं। इससे पहले म्युनिख में हुए विश्व कप में जीतू ने रजत पदक जीता था। एनआरएआई अध्यक्ष रानिंदर सिंह ने जीतू की उपलब्धि पर खुशी जताई और उम्मीद जताई भविष्य में और भारतीय निशानेबाज यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रहेंगे।
