नई दिल्ली। जर्मनी के हनोवर में 24 अप्रेल से 3 मई तक हुई अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में भारत ने 3 स्वर्ण पदकों सहित कुल 5 पदक जीते। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता। उभरते स्टार चैन सिंह ने दस मीटर एयर राइफल टीम स्वर्ण के साथ 50 मीटर पुरुष राइफल प्रोन स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया। चैन सिंह ने एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण बिंद्रा के साथ और प्रोन स्पर्धा का स्वर्ण ओलंपिक कांस्य विजेता गगन नारंग के साथ जीता। गगन नारंग ने पुरुषों की 50 मी. राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। महिला राइफल निशानेबाज अपूर्वी चंदेला ने महिलाओं की एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। (3 मई, 2015)

