दुबई। आईसीसी की वर्ष 2017 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहली बार वेस्ट इंडीज टीम बाहर हो गई है। वहीं बांग्लादेश पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलेगा। आठ टीमों के मध्य होने वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन एक से 18 जून 2017 तक इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) करेगा। वेस्ट इंडीज के बाहर होने का कारण 30 सितंबर, 2015 तक शीर्ष आठ टीमों के ही इस टूर्नामेंट में भाग लेने का नियम रहा। इंडीज टीम 9वें स्थान पर रही। जबकि बांग्लादेश ने शीर्ष 8 टीमों में स्थान बनाकर इस टूर्नामेंट में खेलना पक्का किया।
टूर्नामेंट में आठ शीर्ष टीमें विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, गत चैंपियन भारत, 1998 का विजेता दक्षिण अफ्रीका, 2000 का चैंपियन न्यूजीलैंड, 2002 का संयुक्त विजेता श्रीलंका, मेजबान इंग्लैंड, बांग्लादेश और पाकिस्तान हिस्सा लेंगे। चैंपियंस ट्राफी में 15 मैच होंगे। आठ टीमों को चार चार के दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। टूर्नामेंट के ग्रुप और कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।
वर्ष 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी की टीमों की पुष्टि हो जाने के बाद अगले टूर्नामेंट के लिए कट ऑफ तारीख 30 सितंबर 2017 होगी। इस तारीख तक वनडे रैंकिंग की शीर्ष आठ टीमों को इंग्लैंड में आयोजित होने वाले 2019 के विश्वकप में सीधा प्रवेश मिलेगा। नौ से 12 रैंकिंग की चार टीमों को क्वालिफायर दौर से गुजरना पड़ेगा। (30 सितंबर, 2015)

