11 स्वर्ण, 10 रजत और 36 कांस्य पदकों के साथ भारत 8वें स्थान पर
चीन प्रथम स्थान पर, जीते 343 पदक, इनमें 151 स्वर्ण पदक
मात्र एक कांस्य पदक के साथ नेपाल तालिका में सबसे नीचे 37वें स्थान पर
18वें एशियाई खेल 2018 में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में होंगे
इंचियोन। दक्षिण कोरिया के शहर इंचियोन में 17वें एशियाई खेलों में भारत ने 8वां स्थान प्राप्त किया। भारतीय एथलीटों ने 11 स्वर्ण, 10 रजत और 36 कांस्य पदकों सहित कुल 57 पदक हासिल किए। हालांकि भारतीय एथलीट 2010 के ग्वांग्झू एशियाई खेलों में प्राप्त छठे स्थान को बरकरार नहीं रख पाए। 16वें एशियाई खेलों में भारत ने 14 स्वर्ण,17 रजत और 34 कांस्य सहित कुल 65 पदक जीते थे। चीन ने लगातार नौंवी बार पदक तालिका में प्रथम स्थान पर कब्जा जमाए रखा। चीनी एथलीटों ने कुल 343 पदक जीते जिनमें 151 तो स्वर्ण पदक ही रहे। पदक तालिका की अंतिम पायदान पर नेपाल रहा जिसने मात्र एक कांस्य पदक जीता। एशियाई ओलंपिक संघ (ओसीए) ने 18वें एशियाई खेल 2018 में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में होने की घोषणा की।
17वें एशियाई खेलों से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें
- दक्षिण कोरिया के इंचियोन शहर में 19 सितंबर, 2014 को शुरुआत
- 45 देशों के दस हजार से ज्यादा एथलीट
- उद्घाटन समारोह में 'ओनली वन एशिया' गीत का गायन
- 16 दिन तक चला खेलों का महाकुंभ
- पहला स्वर्ण पदक चीन के नाम रहा। चीन की ओलंपिक चैम्पियन गुओ वेनजुन, झांग मेंगयुआन और झाउ
- किंगयुआन की तिकड़ी 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम करने में सफल रही।
- उत्तर कोरिया के आेम यून चोल ने भारोत्तोलन में विश्व रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 56 किग्रा वर्ग में अपने पिछले विश्व रिकॉर्ड में एक किग्रा का सुधार करते हुए कुल 170 किग्रा वजन उठाया।
- चीन ने लगातार 9वीं बार पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
- जापानी तैराक कोसुके हैगिनो को 17वें एशियाई खेलों का सबसे बहुमूल्य खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने तैराकी प्रतियोगिता में सात पदक जीते।
- क्रिकेट स्पर्धा का स्वर्ण श्रीलंका ने जीता। श्रीलंकाई टीम ने अफगानिस्तान को फाइनल में 68 रन से हराया
17वें एशियाई खेलों में भारत से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें
- भारतीय दल के ध्वज वाहक बने हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह।
- भारतीय दल में कुल सदस्य 679
- एथलीटों की संख्या 516
- 28 खेलों में भाग लिया भारतीय एथलीटों ने
- पहले दिन पिस्टल निशानेबाज जीत राय ने स्वर्ण पदक दिलाया, जीतू को इसके साथ ही 2016 के रियो ओलंपिक का टिकट भी मिल गया। जीतू सेना की गोरखा रेजिमेंट में नायब सूबेदार के पद पर तैनात हैं।
भारत ने बैडमिंटन में 28 साल बाद पदक हासिल किया। भारतीय महिला बैडमिंटन टीम दक्षिण कोरिया से हार गई और उन्हें कांस्य पदक मिला। लेकिन यह बैडमिंटन स्पर्धा में 1986 के बाद पहला पदक रहा।
स्कवैश के महिला एकल में दीपिका पल्लीकल ने कांस्य पदक जीता। यह एशियाई खेलों के इतिहास में महिला वर्ग में भारत का पहला व्यक्तिगत पदक रहा। - देश के पहले व्यक्तिगत आेलंपिक स्वर्ण विजेता खिलाडी अभिनव बिंद्रा ने पेशेवर निशानेबाजी से संन्यास की घोषणा की। यह उनका आखिरी एशियाड रहा। वे ब्राजील के रियो में होने वाले ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। बिंद्रा ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में व्यक्तिगत कांस्य पदक और टीम के साथ कांस्य पदक जीता।
- सौरभ घोषाल ने स्क्वैश में पहली बार दिलाया रजत पदक।
- पहलवान योगेश्वर दत्त ने 28 साल बाद देश को कुश्ती का स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने ताजिकिस्तान के जालिमखान युसुपोव को हराकर गोल्ड जीता। 1986 के सोल एशियाई खेलों में करतार सिंह ने कुश्ती का स्वर्ण जीता था।
- मुक्केबाजी में मेजबान दक्षिण कोरियाई मुक्केबाजी से मुकाबले के दौरान विवादास्पद निर्णय के कारण लैशराम सरिता को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। उन्होंने पदक स्वीकार किया लेकिन फिर उसे पोडियम पर रखकर चली गईं। हालांकि बाद में उन्होंने इसके लिए माफी मांगी, जिसके बाद उनका कांस्य पदक बहाल कर दिया गया।
- हॉकी टीम ने सोलह साल बाद देश को स्वर्ण पदक दिलाया। टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को पेनल्टी शूट आऊट में 4-2 से हराकर रियो ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाइ भी किया। एशियाई खेलों के फाइनल में पाकिस्तान पर 32 साल बाद इस जीत के हीरो गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश रहे जिन्होंने पेनल्टी शूटआउट में दो शानदार बचाव किए। इससे पहले भारत ने 1998 में बैंकॉक में स्वर्ण जीता था।
- 4 गुणा 400 मीटर रिले में महिलाओं ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। प्रियंका पवार, टिंटू लूका, मनदीप कौर और पी. राजू की चौकड़ी ने खिताब बरकरार रखा। उन्होंने तीन मिनट 28.68 सेकंड का समय लेकर चार साल पहले ग्वांगझू में बनाया तीन मिनट 29.02 सेकंड का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा और इस स्पर्धा में खिताब बरकरार रखा।
- भारत ने कबड्डी में डबल गोल्ड भी जीता। यानी पुरुष व महिला कबड्डी टीम ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पुरुष टीम ने फाइनल में ईरान को कड़े मुकाबले में 27-25 से पराजित किया और सातवीं बार चैंपियन बनने की उपलब्धि अपने नाम की। वहीं महिला टीम ने ईरान की टीम को ही 31-21 से मात देकर स्वर्ण जीता।
- पदक तालिका में पिछली बार के मुकाबले भारत दो स्थान नीचे फिसल गया।
- महिलाओं ने पुरुषों को कड़ी टक्कर दी। पुरुषों ने जहां 29 पदक जीते वहीं महिलाओं ने 27 पदकों पर कब्जा किया।
भारत का एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
1986 : द. कोरिया -पांचवां
2010 : ग्वांग्झु -छठा
2006 : दोहा -आठवां
2002 : बुसान -सातवां
1998 : बैंकाक -नौंवां
1994 : हिरोशिमा -आठवां
इंचियोन एशियाई खेल-2014 : विभिन्न खेलों में भारत को मिले पदक
खेल पदक
एथलेटिक्स 13
निशानेबाजी 9
टेनिस 5
कुश्ती 5
मुक्केबाजी 5
तीरंदाजी 4
स्क्वैश 4
रोइंग 3
वुशू 2
हॉकी 2
कबड्डी 2
बैडमिंटन 1
सेलिंग 1
तैराकी 1

