Today: Monday May 18, 2026

भारत की अंजू बॉबी जॉर्ज को वुमेन ऑफ द ईयर अवार्ड

Posted on Dec 03 2021 | Author: Ashok Sharma

विश्व एथलेटिक्स ने भारत की महान एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज को 2021 के 'वुमेन ऑफ द ईयर' अवार्ड के लिए चुना है। लंबी कूद की खिलाड़ी रहीं अंजू यह पुरस्कार पाने वाली देश की की पहली और दुनिया की दूसरी महिला हैं।
विश्व एथलेटिक्स की ओर से यह पुरस्कार ऐसी महिला को दिया जाता है, जिसने अपना जीवन एथलेटिक्स को समर्पित कर दिया हो। अंजू को यह पुरस्कार देश में प्रतिभाओं को तराशने के लिए दिया गया।
विश्व एथलेटिक्स की ओर से वर्ष 2019 में महान धाविका पीटी ऊषा को 'वेटरन पिन' से सम्मानित किया गया था।
अंजू बॉबी जॉर्ज विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली एकमात्र भारतीय एथलीट हैं। उन्होंने पेरिस में 2003 में कांस्य पदक जीता था।
विश्व एथलेटिक्स की ओर से ओलंपिक चैम्पियन जमैका की एलेन थाम्पसन हेराह को महिला और नॉर्वे के कर्स्टन वारहोम को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट चुना गया। इससे पहले इन पुरस्कारों को विश्व एथलेटिक्स गाला पुरस्कार कहा जाता था।

New Release