मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विनियोग विधेयक पर चर्चा के जवाब की अनेक घोषणाएं
आईटीआई छात्रों को मिलेगा 11वीं व 12वीं का बोर्ड सर्टिफिकेट
जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राज्य के प्रसिद्ध मंदिरों का जीर्णोद्धार और विकास कार्य करवाने की घोषणा की है। उन्होंने विधानसभा में विनियोग विधेयक पर चर्चा के जवाब में अनेक घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री के जवाब के बाद विधानसभा ने राज्य की समेकित निधि में से 1.41 लाख करोड़ रुपए की राशि के उपयोग का बजट पारित कर दिया।
प्रमुख घोषणाएं इस प्रकार हैं-
- इस वर्ष प्रसिद्ध मंदिरों का जीर्णोद्धार और विकास कार्य किए जाएंगे। इनमें तीर्थगुरु पुष्कर राज-अजमेर, बूढ़ा पुष्कर, डिग्गी कल्याणजी-मालपुरा, रामदेवरा-जैसलमेर, मंदिर रूपनारायण जी, सेवन्त्री-राजसमंद, बैणेश्वर धाम-डूंगरपुर, गोटिया अंबा महादेवजी-बांसवाड़ा, मातृ कुंडिया-चित्तौडग़ढ़, चौथमाता मंदिर-सवाई माधोपुर, बिहारी जी मंदिर-भरतपुर, श्री राजकलेश्वर टोंक, केशवराय-केशवरायपाटन, झरनेश्वर महादेव, नागणेचा-बाड़मेर, नागणेचा मंदिर-बीकानेर में जीर्णोद्धार और विकास कार्य किए जाएंगे। झुंझुनूं जिले में स्थित प्रसिद्ध नरहर दरगाह का विकास एवं सौंदर्यन भी कराया जाएगा। यह दरगाह हिंदू एवं मुस्लिम दोनों समुदाय को लोगों की आस्था की प्रतीक है।
- आईटीआई छात्रों को 10वीं व 12वीं का बोर्ड सर्टिफिकेट मिलेगा। इसके लिए उन्हें हिंदी व अंग्रेजी की परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी।
- विद्युत वितरण कंपनियों की हर साल ऑडिट।
- छीजत रोकने के लिए उपखंड व फीडर स्तर पर ऑडिट।
- विद्युत चोरी में किसानों के कंपाउंड स्कीम में दस हॉर्स पावर तक एक हजार रुपए व अधिक होने पर दस हॉर्स पावर के बाद प्रति हार्स पावर 500 रुपए जुर्माना।
- आमेर सहित पांच प्रमुख किलों की थ्रीडी मैपिंग होगी। इसके अलावा हवामहल की भी थ्रीडी मैपिंग होगी।
- वन रक्षकों के 500 नए पद सृजित किए जाएंगे।
- पोटाश व स्टील ग्रेड डोलामाइट के खनन के पट्टों की नीलामी होगी।
- जेम्स स्टोन व सराफा की कम्पोजिट स्कीम पर शुल्क 0.75 से घटाकर 0.50 फीसदी की।
- मनोहर थाना, ओसियां, महवा और सुमरेपुर में नए सरकारी कॉलेज खुलेंगे।
- राज्यकर्मियों के इलाज में मेडिकल पुनर्भरण की राशि दो लाख से बढ़ाकर तीन लाख की।
- आयुर्वेद महाविद्यालय में पंचकर्म व स्त्री एवं प्रसूति कोर्स शुरू होगा।
- रानी व श्रीमाधोपुर में आईटीआई खोली जाएगी।
- राज्य के विभिन्न जिलों में नए अपर जिला न्यायाधीश न्यायालय खोले जाएंगे। जोधपुर, पाली, बाड़मेर, नागौर, आबूरोड़ (सिरोही), मेड़ता (नागौर), तिजारा (अलवर), निम्बाहेड़ा (चित्तौडग़ढ़) एवं सागवाड़ा (डूंगरपुर) में अपर जिला न्यायाधीश न्यायालय खोले जाएंगे। इसके अलावा दौसा, धौलपुर, बाड़मेर, झालावाड़ तथा सवाई माधोपुर में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण खोले जाएंगे।
- अनुसूचित क्षेत्र के लिए नई खनन नीति शीघ्र लाई जाएगी। (25 मार्च, 2015)

