जयपुर। राजस्थान सरकार ने दो बहुराष्ट्रीय कंपनियों कैटरपिलर एवं केयर्न इंडिया के साथ के साथ एमओयू किए हैं, जिसके तहत प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कैटरपिलर के साथ एमओयू पर राजस्थान आजीविका एवं कौशल विकास निगम (आरएसएलडीसी) की ओर से एमडी गौरव गोयल, राज्य सरकार की ओर से निदेशक प्रशिक्षण ए.के. आनंद तथा कैटरपिलर इंडिया की ओर से रमेश तिपिरनेनी ने हस्ताक्षर किए। कैटरपिलर आईआईटी झालावाड़ को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित करेगी। इसमें युवाओं को निर्माण एवं खनन क्षेत्र में काम आने वाले अर्थ मूविंग ुपकरणों की कार्यप्रणाली एवं उनकी मरम्मत से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा जॉब फेयर, करिअर काउंसलिंग, एंटरप्रेन्योरशिप जैसी सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
इसी प्रकार केयर्न इंडिया कंपनी के साथ हुए एमओयू पर आरएसएलडीसी की ओर से एमडी गौरव गोयल, राज्य सरकार की ओर से निदेशक प्रशिक्षण ए.के. आनंद तथा केयर्न की ओर से जीएम-सीएसआर रितु झिन्गोन एवं टीयूवी रीटन्लैंड की ओर से एमडी थॉमस फोहरमैन ने हस्ताक्षर किए। केयर्न इंडिया ने टीयूवी रीटन्लैंड के साथ मिलकर जोधपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया है। यहां विंडमिल, बेसिक ऑटोमोबाइल, पीवी इंस्टालेशन, बेसिक वेल्डिंग, एडवांस वेल्डिंग आदि का प्रशिक्षण युवाओं को दिया जा रहा है। (3 जून, 2015)

