राज्य सरकार का हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और वेदांता फाउंडेशन के साथ एमओयू
जयपुर। राजस्थान सरकार ने हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और वेदांता फाउंडेशन के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत एक हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल बनाया जाएगा। शासन सचिवालय में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री अनिता भदेल ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह एमओयू पांच साल के लिए किया गया है। एक हजार आंगनबाड़ी केन्द्रों को आदर्श बनाने के साथ ही 3055 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 आयु वर्ग के बच्चों के पूरक पोषाहार, स्वास्थ्य एवं पोषण सहित शाला पूर्व शिक्षा पर कार्य किया जाएगा।
एमओयू के तहत चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों बच्चों के लिए 100 ग्राम पोहा गरम नाश्ते के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, केद्रों पर रसोई की नवीन सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके तहत बच्चों तथा आंगनबाड़ी की स्वच्छता के लिए तेल, साबुन, पाउडर, फिनाइल, बर्तन धोने का साबुन आदि सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, करीब 80 हजार बच्चों की उपस्थिति, स्वास्थ्य और पोषण पर पूरा ध्यान दिया जाएगा। शाला पूर्व शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रशिक्षित टीम द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा वेदांता फाउंडेशन के स्थानीय स्तर के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। (8 अप्रेल, 2015)

