बजरी आवश्यक वस्तु घोषित
जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य में जिप्सम व अन्य आरक्षित खनिज क्षेत्र के पट्टों को आमजन के लिए खोल दिया है। पूर्व में इस क्षेत्र में खनन करने के लिए निजी व्यवसायी को राजस्थान स्टेट माइंस एण्ड मिनरल्स के साथ एमओयू करके कार्य करना पड़ता था। यह जानकारी संसदीय कार्यमंत्री राजेंद्र राठौड़ ने खनिज विभाग की अनुदान मांगों की बहस के बाद जवाब में दी। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी के लिए राज्य सरकार ने एक कंसलटेंट नियुक्त कर रिपोर्ट बनवानी शुरू की है। बजरी को आवश्यक वस्तु घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार माइनिंग क्षेत्र में जीरो वेस्ट खनन को बढ़ावा देगी, साथ ही खानों से निकलने वाले आेवर बर्डन को हटाने के लिए अब खनन ठेकेदार को प्रदूषण नियंत्रण मंडल से अनुमति नहीं लेनी पड़ेगी।
राज्य में खनिज क्षेत्र के लिए की गईं प्रमुख घोषणाएं
- नई खनन नीति की घोषणा जल्द।
- बजरी आवश्यक वस्तु घोषित
- प्रदेश की 23 सीमेंट प्लांट की कुल उत्पादन क्षमता आगामी वित्तीय वर्ष में 20 प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। अभी इनकी उत्पादन क्षमता 55 मिलियन टन प्रतिवर्ष है।
- राजस्थान माइनर मिनरल कन्शेसन रूल्स 1986 के शिड्यूल-1 (रॉयल्टी शिड्यूल) में सशोधन कर रॉयल्टी 65 रुपए की बजाय 23 रुपये प्रति टन वसूली जाएगी।
- आरक्षित खनिज आमजन के लिए मुक्त, 200 नई खानों का आवंटन होगा।
- आसपास के क्वारी लाइसेंस को मिलाकर क्षेत्र को बड़ा करने की नीति बनेगी।
- खनन पट्टों के बीच में खाली जगह के आवंटन नियमों में स्थानीय निकायों से एनओसी की बाध्यता समाप्त।
- खननकर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए नाम अंकित किए जाएंगे।
- खनन क्षेत्र में रोजगार के लिए आईटीआई तथा पॉलीटेक्नीक कालेजों में कौशल प्रशिक्षण कोर्स, चितौडग़ढ़ में तीन वर्षीय डिप्लोमा इन माइनिंग पाठ्यक्रम शुरू होगा।
- सेण्ड स्टोन की खनन पट्टे में न्यूनतम साइज चार हैक्टेयर को कम करके एक हैक्टेयर किया जाएगा।
- खनन पट्टों के लिए आवेदन, स्क्रूटनी, एनओसी एवं अन्य दस्तावेज प्रस्तुति और स्वीकृति की प्रक्रिया ऑनलाइन
- उद्यमियों को जिप्सम के पट्टे बिना केप्टिव यूज की शर्त के
- वन एवं पर्यावरण मंत्री पर्यावरण क्लीयरेंस व एनओसी की बाध्यता की अधिसूचना वापस लेने का आग्रह, केंद्र ने सहमति प्रदान की
- रिफाइनरी के लिए राज्य सरकार ने एक कंसल्टेंट को नियुक्त किया है, जो प्रोजेक्ट का परीक्षण, मूल्यांकन और पुनरावलोकन करेगा।