जयपुर। राज्य सरकार भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अस्पतालों में स्वास्थ्य मार्गदर्शक लगाएगी जो अस्पताल में मरीजों का उपचार कराने में सहायता, मरीज के डिस्चार्ज और फॉलोअप में सहयोग करेंगे। इनके मानदेय का भुगतान राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (आरएमएससी) की ओर से होगा। अस्पतालों में ओपीडी के भार के हिसाब से स्वास्थ्य मार्गदर्शक लगाए जाएंगे। प्रति पचास औसत ओपीडी पर एक स्वास्थ्य मार्गदर्शक होगा। वहीं पचास से अधिक ओपीडी पर प्रति पचास मरीज पर एक स्वास्थ्य मार्गदर्शक अतिरिक्त कार्यरत होगा। स्वास्थ्य मार्गदर्शक को ग्रेजुएट होना, कम्प्यूटर ज्ञान होना, संवाद कौशल होना और वह संबंधित क्षेत्र का निवासी होना जरूरी होगा। (1 नवंबर, 2015)

