जयपुर। डिजिटल राजस्थान की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे। प्रथम श्रेणी में चार पुरस्कार हैं, जो जिला कलेक्टर एवं वरिष्ठ विभागीय अधिकारी को दिए जाएंगे। इस बार यह पुरस्कार पूर्व जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ पी.सी. किशन, जालोर जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, कॉलेज शिक्षा विभाग के पूर्व निदेशक नवीन जैन एवं अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता (आईटी) डी.के. शर्मा को दिया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप में इन्हें आईपैड प्रदान किया जाएगा।
द्वितीय श्रेणी में ई-गवर्नेंस परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिले के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। इस श्रेणी में 15 पुरस्कार होंगे और पुरस्कार स्वरूप स्मार्ट फोन प्रदान किया जाएगा। तृतीय श्रेणी का पुरस्करा 66 ई-मित्र कियोस्क धारकों को प्रदान किया जाएगा। इसमें प्रत्येक को 10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार शामिल है। (4 जुलाई, 2015)

